क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मूडीज़ (Moody’s) ने अदाणी समूह की प्रमुख कंपनियों के लिए एक बड़ा और सकारात्मक फैसला किया है। एजेंसी ने अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, और अदाणी इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड (AICTPL) के आउटलुक को नेगेटिव से बदलकर स्टेबल कर दिया है। यह फैसला दर्शाता है कि रेटिंग एजेंसी को इन कंपनियों के प्रदर्शन और वित्तीय स्थिति में स्थिरता पर भरोसा है।
मूडीज़ ने जिन कंपनियों की रेटिंग में सुधार किया है, उनमें अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) की दो इकाइयाँ—AGEL-RG1 और AGEL-RG2 शामिल हैं। इसके अलावा अदाणी एनर्जी सॉल्यूशन लिमिटेड (AESL) की इकाई AESL-USPP RG1 और अदाणी इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड (AICTPL) को भी स्थिर आउटलुक दिया गया है।
‘स्टेबल आउटलुक’ का अर्थ है कि मूडीज़ को अगले 12 से 18 महीनों में इन कंपनियों की वित्तीय स्थिति में किसी बड़े जोखिम, गिरावट या अस्थिरता की आशंका नहीं है। यह संकेत देता है कि इन कंपनियों की क्रेडिट रेटिंग्स में भी निकट भविष्य में कोई बड़ा नकारात्मक परिवर्तन नहीं होगा। कुल मिलाकर यह अदाणी समूह की इकाइयों के लिए सकारात्मक संकेत है।
मूडीज़ ने आउटलुक बदलने के पीछे कई अहम कारण बताए हैं। इनमें कंपनियों की लोन और ऑपरेशन संरचना की मजबूती, स्थिर ऑपरेशनल परफॉर्मेंस, और रिंग-फेंस्ड स्ट्रक्चर शामिल है, जिसका अर्थ है कि ये परियोजनाएँ कानूनी रूप से सुरक्षित हैं और बाहरी जोखिमों से काफी हद तक प्रभावित नहीं होतीं। इसके अलावा कंपनियों का कर्ज ढांचा भी मजबूत है, जिसमें किसी अतिरिक्त बाहरी फंडिंग की आवश्यकता नहीं दिखती। अदाणी समूह द्वारा रेटिंग एजेंसियों के साथ लगातार पारदर्शी संवाद भी इस बदलाव की एक अहम वजह रहा है।
इससे पहले वैश्विक रेटिंग एजेंसियाँ फिच, एसएंडपी, और केयर एज ग्लोबल भी अदाणी समूह की कई कंपनियों की रेटिंग बढ़ा चुकी हैं। फिच ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, नॉर्थ क्वींसलैंड एक्सपोर्ट टर्मिनल, अदाणी इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ), अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड और अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड की रेटिंग्स में सुधार किया था।
वित्त वर्ष की पहली छमाही में अदाणी पोर्टफोलियो का वित्तीय प्रदर्शन भी शानदार रहा है। समूह ने 67,870 करोड़ रुपये (7.6 बिलियन डॉलर) का मजबूत पूंजीगत व्यय (Capex) किया है, जबकि EBITDA बढ़कर 47,375 करोड़ रुपये (5.3 बिलियन डॉलर) के उच्च स्तर पर पहुँच गया। तेज़ी से बढ़े पूंजीगत व्यय के कारण समूह की कुल परिसंपत्तियाँ 67,870 करोड़ रुपये बढ़कर 6,77,029 करोड़ रुपये (76 बिलियन डॉलर) तक पहुँच गई हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel