भारत के शेयर बाजार ने गुरुवार, 9 अक्टूबर को हरे निशान के साथ सकारात्मक शुरुआत की। ग्लोबल मार्केट्स में तेजी और मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की खबरों का असर घरेलू बाजार पर भी साफ तौर पर दिखा। सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 234 अंक (0.29%) की बढ़त के साथ 82,008 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 67 अंक (0.27%) चढ़कर 25,113 के ऊपर कारोबार कर रहा था।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में मजबूती देखने को मिली। ग्रुप की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 1% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई, जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस करीब 2% उछला। इसके अलावा अदाणी पावर, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पोर्ट्स, और अदाणी टोटल गैस में भी हल्की बढ़त दर्ज हुई।
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो फार्मा, मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में 1% तक की तेजी देखी गई। वहीं बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई, जिससे बाजार में सकारात्मक सेंटीमेंट कायम है।
निफ्टी के टॉप गेनर्स में टाटा स्टील, डॉ. रेड्डीज लैब्स, सिप्ला, जियो फाइनेंशियल और हिंडाल्को के शेयर आगे रहे। वहीं, गिरावट वाले शेयरों में टाटा मोटर्स, मैक्स हेल्थकेयर, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स शामिल रहे।
ग्लोबल मार्केट्स में तेजी की वजह मिडिल ईस्ट में हालात सुधरने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल और हमास के बीच पहले चरण का शांति समझौता जल्द साइन होने वाला है, जिसमें लड़ाई रोकने और कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी है। इस खबर से दुनिया भर के निवेशकों में राहत का माहौल है।
बुधवार को लगातार चार दिनों की तेजी के बाद घरेलू बाजार में मुनाफावसूली देखी गई थी। उस दिन सेंसेक्स 153 अंक गिरकर 81,773 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 62 अंक टूटकर 25,046 पर आ गया था। हालांकि, गुरुवार को बाजार ने फिर से तेजी की रफ्तार पकड़ ली है और निवेशकों का मूड सकारात्मक बना हुआ है।