महाराष्ट्र को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने राज्य का महाराष्ट्र बजट 2026 पेश कर दिया है। इस बजट में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएँ की गई हैं। मुख्यमंत्री ने इस बजट को ‘विकसित महाराष्ट्र’ की बुनियाद बताया है।
किसानों के लिए 2 लाख तक कर्जमाफी
सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी का ऐलान किया है। इसके साथ ही जो किसान समय पर अपना कर्ज चुका रहे हैं, उन्हें 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य किसानों को आर्थिक मजबूती देना और समय पर ऋण चुकाने के लिए प्रेरित करना है।
महिलाओं के लिए ‘लाडकी बहिन योजना’ जारी
राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए चल रही ‘लाडकी बहिन योजना’ को जारी रखने का फैसला किया है। इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘लखपति दीदी अभियान’ को तेज किया जाएगा।
महाराष्ट्र सरकार के वर्ष 2026–27 के बजट में कृषि, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के साथ-साथ रोजगार सृजन पर विशेष बल दिया गया है।
('महाराष्ट्र बजट 2026-27' पेश होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस | मुंबई | 6-3-2026)#Maharashtra #Budget4ViksitMaharashtra #MahaBudget2026 pic.twitter.com/R2yg9CXVgP
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) March 6, 2026
सरकार के अनुसार अब तक 37 लाख महिलाएँ लखपति बन चुकी हैं, जबकि आने वाले समय में 25 लाख और महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों के खेत तक बनेगी सड़क
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने ‘मुख्यमंत्री बलीराजा खेत पगडंडी सड़क योजना’ शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत किसानों के खेतों तक पक्की सड़कें बनाई जाएँगी ताकि फसल की ढुलाई आसान हो सके और किसानों का समय व खर्च दोनों कम हो।
इसके साथ ही ‘महाराष्ट्र प्राकृतिक खेती अभियान’ के जरिए राज्य में रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
एग्री स्टैक से किसानों को मिलेगी डिजिटल पहचान
सरकार ने ‘एग्री स्टैक’ योजना के तहत किसानों को डिजिटल पहचान देने की योजना बनाई है। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में मिलेगा और बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी।
गढ़चिरौली बनेगा नया स्टील हब
बजट में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए गढ़चिरौली को नया इस्पात केंद्र (Steel Hub) बनाने की घोषणा की गई है। इस परियोजना में करीब 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा और इससे 70 हजार से ज्यादा रोजगार पैदा होंगे।
मुंबई में खुलेगा क्रिएटिव टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट
डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए Mumbai में ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी’ स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे राज्य में 295 से अधिक गेमिंग स्टूडियो बनाए जाएंगे।
MSME से 50 लाख रोजगार का लक्ष्य
राज्य के हर जिले में MSME केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे करीब 50 लाख प्रत्यक्ष रोजगार पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुंबई-पुणे में 50 अरब डॉलर का निवेश
सरकार ने Mumbai और Pune को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने के लिए 50 अरब डॉलर के निवेश हब विकसित करने की योजना बनाई है।
इसके अलावा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण पशुधन उद्यमी योजना’ और मछुआरों के लिए ‘मत्स्य संपदा योजना’ भी शुरू की जाएंगी।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए महाराष्ट्र को तेजी से विकसित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel