मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान–इजरायल के बीच युद्ध की खबरों ने भारतीय शेयर बाजार को जोरदार झटका दिया है। सोमवार, 2 मार्च को निवेशकों में भारी घबराहट देखने को मिली और बाजार खुलने से पहले ही बड़े पैमाने पर बिकवाली शुरू हो गई।
सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट
प्री-ओपन सेशन में BSE सेंसेक्स 2,743 अंक यानी 3.38% गिरकर 78,543 के स्तर पर आ गया। वहीं निफ्टी 50 भी 500 से ज्यादा अंक टूटकर 24,659 के नीचे पहुंच गया।
हालांकि बाजार खुलने के बाद थोड़ी रिकवरी देखने को मिली। सुबह 9:15 बजे सेंसेक्स 1,193 अंक यानी 1.47% की गिरावट के साथ 80,093 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 273 अंक यानी 1.09% टूटकर 24,905 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते टकराव के कारण निवेशकों के करोड़ों रुपये कुछ ही मिनटों में डूब गए।
इन सेक्टर्स पर पड़ी सबसे ज्यादा मार
बाजार की इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर रियल्टी, ऑयल एंड गैस और ऑटोमोबाइल सेक्टर पर देखने को मिला। ये सेक्टर करीब 2% तक गिर गए।
युद्ध की आशंका के चलते कच्चे तेल की कीमतों में 7% से ज्यादा उछाल आ गया है, जिससे एयरलाइन कंपनियों के शेयरों पर भी दबाव बढ़ गया है। मिडिल ईस्ट में उड़ानों के रद्द होने से ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट देखी जा रही है।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट
इस तनाव का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। एशिया और अमेरिका के बाजारों में भी भारी गिरावट देखी गई।
Nikkei 225 करीब 1.5% गिर गया, जबकि Hang Seng Index 1.68% तक लुढ़क गया। इससे पहले अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।
मंगलवार को होली के कारण भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा और सोमवार को निफ्टी की एक्सपायरी भी है। ऐसे में बाजार में उतार-चढ़ाव और बढ़ सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel