बुधवार, 6 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की गिरावट और सुस्ती के साथ हुई, क्योंकि निवेशकों की नजरें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की आज होने वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के फैसले पर टिकी हुई हैं। प्री-ओपनिंग सेशन में सेंसेक्स करीब 15 अंक फिसलकर 80,694.98 और निफ्टी लगभग 8 अंक गिरकर 24,641.35 पर खुला, जो दर्शाता है कि बाजार पहले से ही सतर्क था। हालांकि, शुरुआती कारोबार में मामूली रिकवरी देखने को मिली और सुबह 9:25 बजे तक सेंसेक्स 119.07 अंक (0.15%) बढ़कर 80,829.32 तथा निफ्टी 19.30 अंक (0.078%) चढ़कर 24,668.85 पर पहुंच गया।
RBI Governor Sanjay Malhotra to announce policy rates today at 10 AM
Read @ANI Story | https://t.co/CHOceAWnQm#RBI #MPC pic.twitter.com/hCLhzE3GZ8
— ANI Digital (@ani_digital) August 6, 2025
इससे पहले सोमवार, 5 अगस्त को बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 308.47 अंक (0.38%) टूटकर 80,710.25 और निफ्टी 73.20 अंक (0.30%) गिरकर 24,649.55 पर बंद हुआ था। यह कमजोरी ग्लोबल संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के चलते आई थी। फिलहाल, बाजार की सबसे बड़ी नजर RBI की पॉलिसी पर है, जहां उम्मीद जताई जा रही है कि रेपो रेट को स्थिर रखा जाएगा और कोई बदलाव नहीं होगा।
वैश्विक बाजारों से भी इस समय कमजोर संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ संबंधी हालिया टिप्पणी से ग्लोबल सेंटीमेंट पर असर पड़ा है, जिसका असर भारत समेत दुनिया के अन्य बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। अब निवेशकों की नजरें RBI की पॉलिसी घोषणा पर हैं, जो आने वाले समय में भारतीय शेयर बाजार की अगली दिशा तय करेगी।