क्रिसमस से पहले शेयर बाजार ने निवेशकों को शानदार तोहफा दिया है। सप्ताह की शुरुआत में ही भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 638.12 अंकों की बढ़त के साथ 85,567.48 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 206 अंकों से ज्यादा चढ़कर 26,172.40 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में भी बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 85,300 के ऊपर खुला और करीब 400 अंक चढ़ा, वहीं निफ्टी 9:15 बजे के आसपास 26,000 के स्तर पर खुलकर 100 अंकों से ज्यादा मजबूत हुआ।
निफ्टी 50 के शेयरों की बात करें तो श्रीराम फाइनेंस, इंफोसिस और विप्रो टॉप गेनर रहे। इन शेयरों में करीब 4 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, अल्ट्राटेक सीमेंट और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के शेयरों में हल्की गिरावट देखने को मिली, जहां दोनों में करीब 0.3 फीसदी की कमजोरी दर्ज की गई।
इस सप्ताह शेयर बाजार में केवल चार दिन ही कारोबार होगा। 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा। केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई प्रमुख देशों के स्टॉक मार्केट भी इस दिन बंद रहेंगे। ऐसे में इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की गतिविधियां, करेंसी ट्रेंड और माइक्रोइकोनॉमिक संकेतक भारतीय बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
साल के अंत और फेस्टिव सीजन के चलते बाजार में भागीदारी कुछ कम रह सकती है और ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। घरेलू मोर्चे पर निवेशकों की नजर इंफ्रास्ट्रक्चर आउटपुट डेटा, बैंक क्रेडिट और डिपॉजिट ग्रोथ के रुझान, साथ ही विदेशी मुद्रा भंडार में होने वाले बदलावों पर रहेगी। इसके अलावा रुपये की चाल और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी बाजार की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं।
बाजार की मजबूती के पीछे कुछ अहम कारण भी सामने आए हैं। करीब 14 सत्रों के बाद विदेशी निवेशकों की वापसी देखने को मिली है। शुक्रवार को एफआईआई ने 1,830.89 करोड़ रुपये की खरीदारी की, जिससे पिछले तीन सत्रों में कुल खरीद 3,776 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। इससे बाजार को मजबूत सपोर्ट मिला।
इसके अलावा एशियाई बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। साथ ही रुपये की मजबूती ने भी बाजार में रौनक लौटाई है। रुपये में 22 पैसे का सुधार हुआ और यह डॉलर के मुकाबले 89.45 के स्तर पर आ गया, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel