ट्रंप के नए टैरिफ ऐलान के बाद भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को गिरावट के साथ शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 9:30 बजे करीब 361 अंक (0.45%) फिसलकर 80,797.83 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 110 अंक (0.44%) टूटकर 24,780.85 पर कारोबार करता दिखा।
फार्मा और आईटी शेयरों में दबाव
शेयर बाजार की कमजोरी का सबसे ज्यादा असर फार्मा और आईटी शेयरों पर देखने को मिला। सन फार्मा और ग्लैंड फार्मा जैसे स्टॉक्स 4% से ज्यादा गिर गए। शुरुआती कारोबार में ग्लैंडमार्क फार्मा 2.10%, डॉ. रेड्डीज 1.19%, सिप्ला 1.56%, ल्यूपिन 1.04% और अजंता फार्मा 1.38% तक टूट गए। इसकी वजह से निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2.45% तक लुढ़क गया।
ट्रंप का बड़ा ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फार्मा सेक्टर को लेकर कड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की कि 1 अक्टूबर 2025 से अगर कोई ब्रांडेड या पेटेंटेड दवा अमेरिका में बाहर से लाई जाएगी और कंपनी ने अमेरिका में अपनी फैक्ट्री नहीं बनाई है, तो उस पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा। हालांकि, जिन कंपनियों ने अमेरिका में उत्पादन संयंत्र शुरू कर दिए हैं, उन्हें इस टैरिफ से छूट मिलेगी। इसके अलावा अमेरिका ने हेवी ट्रक पर 25% और किचन कैबिनेट सहित कई उत्पादों पर 50% ड्यूटी लगाने का भी ऐलान किया है।
भारतीय फार्मा कंपनियों पर असर
भारत अमेरिका को दवाओं का सबसे बड़ा सप्लायर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में इस्तेमाल होने वाली 45% से ज्यादा जेनेरिक और 15% बायोसिमिलर दवाओं की सप्लाई भारत से होती है। ऐसे में ट्रंप का यह कदम भारतीय फार्मा कंपनियों के बिजनेस पर गहरा असर डाल सकता है।
शुरुआती कारोबार में ही फार्मा सेक्टर में गिरावट देखने को मिली है। इसकी मुख्य वजह यह है कि डॉ. रेड्डीज, अरबिंदो फार्मा, जायडस लाइफसाइंसेज, सन फार्मा और ग्लैंड फार्मा जैसी भारतीय कंपनियाँ अपनी कुल कमाई का 30-50% तक अमेरिकी बाजार से अर्जित करती हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel