नए साल से पहले राजधानी दिल्ली में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन आघात शुरू किया है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना है। ऑपरेशन के तहत अब तक 285 से अधिक अपराधियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि 1000 से ज्यादा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
यह दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन आघात–3.0 है, जिसमें अब तक 285 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें से 116 कुख्यात अपराधी बताए जा रहे हैं, जो अलग-अलग संगठित अपराधों में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, इन गिरफ्तारियों के दौरान भारी मात्रा में हथियार और लूटा हुआ सामान भी बरामद किया गया है।

हिरासत में लिए गए अपराधियों के पास से कुल 21 देशी पिस्तौल, 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 6.01 किलोग्राम गांजा, 12,258 क्वार्टर अवैध शराब और जुआरियों से 2,30,990 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। यह बरामदगी अपराध और अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस ने इस अभियान के दौरान चोरी और लूट में इस्तेमाल किए गए 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और 1 चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। यह सभी वाहन और सामान अपराधों में प्रयुक्त बताए जा रहे हैं, जिन्हें विभिन्न मामलों से जोड़ा जा रहा है।
दिल्ली पुलिस समय-समय पर इस तरह के विशेष अभियान चलाती रहती है, ताकि संगठित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। इस बार भी ऑपरेशन आघात-3.0 के तहत संगठित अपराध से जुड़े तत्वों को खास तौर पर निशाने पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी, ताकि नए साल से पहले राजधानी को सुरक्षित बनाया जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel