उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी और सीएम योगी के बीच हुई इस मुलाकात को यूपी में प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक के बाद राज्य की राजनीति में चर्चाओं और कयासों का दौर तेज हो गया है।
सीएम योगी के दिल्ली दौरे को लेकर माना जा रहा है कि उन्होंने संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर शीर्ष नेतृत्व से बातचीत की है। लंबे समय से उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की अटकलें लगती रही हैं और इस मुलाकात ने उन अटकलों को और हवा दे दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यूपी में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
आज नई दिल्ली में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आपका पाथेय 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा को और अधिक गति प्रदान करने हेतु सदैव नवीन ऊर्जा का संचार करता है।
अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार… pic.twitter.com/bQmGojpojB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 5, 2026
प्रधानमंत्री से मुलाकात के अलावा सीएम योगी का बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मिलने का भी कार्यक्रम है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यूपी में संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर संतुलन बनाने को लेकर मंथन चल रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी अभी से अपनी रणनीति को धार देने में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी मंत्रिमंडल के विस्तार के जरिए बीजेपी सामाजिक और जातीय समीकरण साधने की कोशिश करेगी। हाल ही में पंकज चौधरी को ओबीसी समाज से प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी इस दिशा में संकेत दे चुकी है। अब मंत्रिमंडल में भी नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल योगी मंत्रिमंडल में 54 मंत्री हैं, जबकि विधायकों की संख्या के हिसाब से उत्तर प्रदेश में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में अभी कई पद खाली हैं। सूत्रों का कहना है कि विस्तार और फेरबदल के दौरान क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ जातीय समीकरणों पर भी खास ध्यान दिया जाएगा।
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिल्ली यात्रा के बाद यह साफ संकेत मिल रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी उत्तर प्रदेश में अपने सियासी समीकरण दुरुस्त करने में पूरी तरह जुट गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel