दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में राम नवमी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इलाके को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखते हुए लगभग 650 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
डाबरी और बिंदापुर थानों की पुलिस टीमें संयुक्त रूप से ऑपरेशन चला रही हैं। इसके अलावा 12 पैरामिलिट्री फोर्स की टीमें और CRPF के जवान भी सुरक्षा में मुस्तैद हैं।
25 जगहों पर पुलिस पिकेट, संवेदनशील इलाकों पर खास नजर
पूरे क्षेत्र में 25 अलग-अलग स्थानों पर छोटे-बड़े पुलिस पिकेट लगाए गए हैं। प्रशासन ने कुछ इलाकों को विशेष रूप से संवेदनशील घोषित किया है, जिनमें थाना रोड, काली बस्ती, कब्रिस्तान रोड/ईदगाह रोड और बाल्मीकि मंदिर चौराहा शामिल हैं।

इन इलाकों में पहले भी तनाव की स्थिति बन चुकी है, इसलिए यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सड़कों के साथ-साथ गलियों और चौराहों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
सादे कपड़ों में भी निगरानी
द्वारका जिले की ऑपरेशन सेल की टीमें सादे कपड़ों में इलाके में गश्त कर रही हैं। ये टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए खुफिया जानकारी जुटा रही हैं, ताकि किसी भी संभावित अशांति को पहले ही रोका जा सके।
तरुण बुटोलिया हत्याकांड के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
होली के दौरान हुए तरुण बुटोलिया हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव बना हुआ था। इस मामले में अब तक 14 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रशासन ने इस मामले में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर फोकस
पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राम नवमी का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी भी तरह की हिंसा या हुड़दंग की स्थिति न बने।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के ये कड़े इंतजाम तब तक जारी रहेंगे जब तक त्योहार बिना किसी बाधा के संपन्न नहीं हो जाता।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel