दिल्ली के ख्याला इलाके से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक शख्स ने अपने ही रिश्तेदारों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 50 साल की नुसरत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि ख्याला इलाके में एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों पर चापड़ से हमला कर दिया है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आरोपी का नाम बब्बू खान है और वह घर में रहने वाली महिलाओं का रिश्तेदार है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी हथियार लेकर घर पहुंचा और ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद नुसरत पर हमला कर दिया। वार इतना खौफनाक था कि उनकी गर्दन धड़ से अलग हो गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
नुसरत को बचाने के लिए उनकी रिश्तेदार अकबरी आगे आई, लेकिन आरोपी ने उस पर भी वार कर दिया। अकबरी गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, आरोपी ने घर की ही 20 वर्षीय सानिया पर हमला कर उसकी उंगली काट दी।
चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया। उसे बाथरूम में बंद कर दिया गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने हत्या और हत्या की कोशिश के मामले में केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और लोग स्तब्ध हैं कि रिश्तेदारी के बीच इतना बड़ा खून-खराबा हो सकता है।