लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पर संसद के नियमों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बहस के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय महिला की तस्वीर का अनुचित इस्तेमाल कर उसका अपमान किया। कंगना ने कहा,
“उस महिला का भी एक सम्मान है। मेरा हरियाणा चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। उसका यहां फोटो लगाकर उछाला गया। कांग्रेस ने नियमों का उल्लंघन किया और प्ले कार्ड लगाया। उस महिला से मैं सदन की तरफ से माफी मांगती हूं। ये लोग हमेशा महिलाओं का अपमान करते हैं।”
कंगना यहां उस ब्राजीलियन मॉडल का जिक्र कर रही थीं, जिसकी तस्वीर दिखाकर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे।
कंगना ने प्रियंका गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“प्रियंका गांधी को याद रखना चाहिए कि उनकी मां को 1983 में नागरिकता मिली, फिर भी वह उससे पहले वोटर थीं। चाहे आपका अतीत हो या वर्तमान, आपके चरित्र में कोई ईमानदारी नहीं है। आपके परिवार ने कभी इस देश के कानून और संविधान का सम्मान नहीं किया।”
सदन में अपने संबोधन के दौरान कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा,
“प्रधानमंत्री मोदी ईवीएम को हैक नहीं करते, वो लोगों के दिलों को हैक करते हैं।”
इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया। कंगना ने कहा कि विपक्ष ने सत्र के दौरान कामकाज रोकने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए, जिससे संसद की कार्यवाही प्रभावित हुई।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel