दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में मेरठ से कुख्यात हथियार तस्कर परवेज उर्फ फरु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से हथियारों का भारी जखीरा बरामद किया है।
शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इन हथियारों का इस्तेमाल आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान शांति भंग करने के लिए किया जाना था।
गिरफ्तारी के दौरान विरोध
गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के परिवार वालों ने पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन स्पेशल सेल की टीम ने हालात को काबू में रखते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तड़के दी गई दबिश
जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल पिछले काफी समय से हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। गुरुवार (26 मार्च 2026) तड़के टीम ने मेरठ के कोतवाली क्षेत्र की शाहघासा सब्जी वाली गली में छापा मारकर परवेज को उसके घर से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि परवेज बड़े स्तर पर हथियारों की सप्लाई करता था। उसके तार स्थानीय तस्करों और अन्य संदिग्धों से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हथियार किन-किन क्षेत्रों में भेजे जाने वाले थे।
पुराने मामलों से जुड़ा कनेक्शन
परवेज का आपराधिक इतिहास भी बेहद गंभीर रहा है। साल 2017 में लुधियाना में RSS नेता रविंद्र गोसाई की हत्या में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई से उसका नाम जुड़ा था।
इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने की थी, जिसमें उसके खिलाफ अहम खुलासे हुए थे। वह करीब चार साल तक नाभा जेल में बंद रहा था।
खालिस्तानी कनेक्शन की जांच
पुलिस को शक है कि परवेज के संबंध खालिस्तानी आतंकियों और अन्य अंतरराज्यीय तस्करों से भी रहे हैं। इस एंगल से भी जांच जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel