रामचौरा मंदिर बिहार के हाजीपुर में स्थित एक अत्यंत प्राचीन और पौराणिक स्थल है, जिसका संबंध रामायण काल से जोड़ा जाता है। यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि त्रेतायुग की जीवंत विरासत के रूप में भी देखा जाता है।
करीब 45 फीट ऊंचे एक प्राचीन टीले पर बने इस मंदिर की सबसे अनोखी बात यह है कि यहां भगवान की मूर्ति नहीं, बल्कि भगवान राम के दिव्य चरण चिन्हों (पादुका) की पूजा की जाती है।
दो चरण पादुकाओं का रहस्य
मंदिर में स्थापित दो पवित्र चरण चिन्हों को लेकर विशेष मान्यता है। पहला चरण चिन्ह भगवान राम के बाल्यकाल से जुड़ा माना जाता है, जब वे ऋषि विश्वामित्र के साथ सिद्धाश्रम (बक्सर) से जनकपुर जा रहे थे।
दूसरा चरण चिन्ह उनके वनवास काल का प्रतीक माना जाता है। इन पादुकाओं में धनुष, तीर, चक्र, कुंडल और सूर्य जैसे प्रतीक अंकित हैं, जो इन्हें दिव्य और अद्वितीय बनाते हैं।

मुंडन संस्कार से जुड़ा इतिहास
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, ताड़का वध के बाद भगवान राम ने इसी स्थान पर गंगा स्नान किया और यहीं उनका मुंडन संस्कार भी हुआ। ‘चौरा’ शब्द का अर्थ मुंडन संस्कार स्थल से जोड़ा जाता है, जिससे इस स्थान का नाम ‘रामचौरा’ पड़ा।
मंदिर में शिवलिंग की भी मान्यता
मंदिर परिसर में एक प्राचीन शिवलिंग भी स्थापित है, जिसके बारे में माना जाता है कि इसकी स्थापना स्वयं भगवान राम ने की थी।
रामनवमी पर लगता है भव्य मेला
हर साल रामनवमी के अवसर पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
धार्मिक महत्व और सौंदर्यीकरण
मंदिर के पुजारियों के अनुसार, इन पवित्र पदचिन्हों के दर्शन मात्र से भक्तों के पापों का नाश होता है। वर्तमान में इस ऐतिहासिक स्थल का सौंदर्यीकरण कार्य भी किया जा रहा है, ताकि इसे और भव्य और आकर्षक बनाया जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel