उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता उपसभापति हरिवंश ने की। इसी दिन उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात भी की, जिसकी तस्वीर राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया पर साझा की गई। अब उपराष्ट्रपति के पद छोड़ने के साथ ही राज्यसभा के सभापति का पद भी स्वतः रिक्त हो गया है, क्योंकि उपराष्ट्रपति ही उच्च सदन के पदेन सभापति होते हैं। जब तक नया उपराष्ट्रपति नहीं चुना जाता, तब तक राज्यसभा की कार्यवाही उपसभापति हरिवंश या राष्ट्रपति द्वारा अधिकृत कोई सदस्य संचालित करेगा।
Harivansh, Deputy Chairman of Rajya Sabha, called on President Droupadi Murmu at Rashtrapati Bhavan.
(Pic: President of India/X) pic.twitter.com/LZuw9vgqfS
— ANI (@ANI) July 22, 2025
धनखड़ ने इस्तीफे से एक दिन पहले सोमवार को संसद के मानसून सत्र की शुरुआत में राज्यसभा में विपक्ष से संवाद और चर्चा को प्राथमिकता देने की अपील की थी। उसी दिन उन्होंने दो न्यायाधीशों के खिलाफ महाभियोग प्रस्तावों से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी स्पष्ट किया था। हालाँकि वे हाल के महीनों में काफी सक्रिय रहे, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। मार्च में AIIMS में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें यात्रा से बचने की सलाह दी थी। जून में नैनीताल में एक कार्यक्रम के दौरान वे मंच पर बेहोश हो गए थे और जुलाई में दिल्ली और केरल में भी उनकी तबीयत बिगड़ी थी। इन स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया।