देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (AICC) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान और इसके गायन में बाधा डालने को लेकर राजनीतिक घमासान मच गया है। इस मामले में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के वकीलों द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की गई है।
क्या है पूरा मामला और शिकायत में क्या लगाए गए हैं आरोप?
15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा भवन) में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन चल रहा था।
-
सोनिया गांधी के इशारे: शिकायतकर्ताओं (अधिवक्ता शुभ शर्मा और कुणाल विनायक) का आरोप है कि राष्ट्रगीत के शुरुआती हिस्से के बाद जब गायन जारी था, तब सोनिया गांधी ने कथित तौर पर ऐसे इशारे किए और लोगों से बातचीत की जिससे यह प्रतीत होता है कि वह गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जता रही थीं।
-
राहुल गांधी का वीडियो: शिकायत में राहुल गांधी के एक वायरल वीडियो का भी हवाला दिया गया है, जिसमें वे कथित तौर पर यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि “हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।”
-
कानूनी प्रावधानों का हवाला: शिकायत में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान से जुड़े कानूनों और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का जिक्र करते हुए कहा गया है कि राष्ट्रीय गीत के गायन को जानबूझकर रोकना या उसमें व्यवधान डालना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष, समयबद्ध जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
डीसीपी सेंट्रल का बयान और पुलिस जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के डीसीपी सेंट्रल ने बयान जारी किया है कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय के कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर सामने आई इस कथित घटना की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। तथ्यों और वीडियो फुटेज की सत्यता की जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।
ओडिशा में भाजयुमो ने भी दर्ज कराई शिकायत, विरोध प्रदर्शन
दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में भी इस0 मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन तेज हो गए हैं:
-
भाजयुमो की शिकायत: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) की ओडिशा इकाई ने भुवनेश्वर के खारवेल नगर थाने में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने इसे राष्ट्रगीत का अपमान और दंडनीय अपराध करार दिया है।
-
सड़क पर विरोध: भुवनेश्वर में भाजपा जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस निकालकर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं के इस आचरण से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
कांग्रेस पार्टी की सफाई
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से सफाई दी गई है। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत के अपमान या उसे रोकने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पार्टी का तर्क है कि सोनिया गांधी द्वारा किसी प्रकार का व्यवधान नहीं डाला जा रहा था, बल्कि वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने को कह रही थीं क्योंकि वह काफी देर से खड़े हुए थे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel