दिल्ली के उत्तम नगर इलाके की हस्तसाल पुनर्वास कॉलोनी में होली के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पानी के गुब्बारे को लेकर शुरू हुए झगड़े में 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक तरुण के परिजनों ने बताया कि उनके परिवार की 11 वर्षीय बच्ची छत पर होली खेल रही थी। इसी दौरान उसने नीचे खड़े अपने पिता की ओर पानी से भरा गुब्बारा फेंका, लेकिन वह सड़क पर गिर गया और उसका पानी पास से गुजर रही एक महिला पर पड़ गया।
परिजनों का कहना है कि महिला पड़ोस के एक अन्य समुदाय से थी। परिवार ने तुरंत माफी भी मांगी, लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ।
आरोपियों ने बुला लिए रिश्तेदार
पीड़ित परिवार के मुताबिक, माफी मांगने के बावजूद विवाद बढ़ गया और महिला के परिवार ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
परिजनों का आरोप है कि करीब एक घंटे बाद जब तरुण अपने दोस्त के साथ होली खेलकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी 15–20 लोगों ने रास्ते में उसे रोक लिया।
लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला
परिवार के अनुसार, आरोपियों ने तरुण पर लोहे की रॉड, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दादा ने बताया दर्दनाक मंजर
तरुण के दादा मान सिंह ने बताया कि आरोपियों ने युवक को बेरहमी से पीटा।
उन्होंने कहा,
“उन्होंने तरुण को बुरी तरह मारा। जब वह सड़क पर गिरा हुआ था, तब उसके सीने पर बड़ा पत्थर मारा गया।”
घर में तोड़फोड़ का भी आरोप
घटना के चश्मदीदों का दावा है कि हमलावरों ने पीड़ित के घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की।
पुलिस के अनुसार, तरुण अपने माता-पिता और दो बड़े भाई-बहनों के साथ रहता था और डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स कर रहा था। उसके पिता नेम चंद मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel