गणतंत्र दिवस को लेकर आतंकी हमले की आशंका के बीच जाँच एजेंसियाँ अलर्ट मोड पर हैं। संदिग्ध आतंकियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में मेरठ के उजैद कुरैशी पर शिकंजा कसा गया है, जिस पर अलकायदा आतंकी संगठन से जुड़े होने का आरोप है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी अलकायदा से जुड़े 6 आतंकियों के फोटो जारी कर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेरठ का उजैद कुरैशी काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों के चलते जाँच एजेंसियों की रडार पर था। बुधवार (21 जनवरी 2026) को कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा इलाके में UPATS और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। हालांकि, छापे के वक्त उजैद घर पर मौजूद नहीं था, जिसके बाद पुलिस ने उसके दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जाँच टीम ने उजैद के घर के बाहर नोटिस चस्पा किया और लौट गई। टीम के जाने के बाद उजैद स्कूटी से घर पहुँचा और नोटिस देखकर सतर्क हो गया। इसके बाद से वह फरार बताया जा रहा है। इस बीच, जाँच टीम के घर की ओर बढ़ते हुए और उनके जाने के बाद उजैद के स्कूटी के साथ घर के सामने खड़े होने का वीडियो भी सामने आया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उजैद के दोनों भाइयों को छोड़ दिया।

दरअसल, कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस और UPATS को एक आतंकी संगठन से जुड़ा व्हाट्सऐप ग्रुप हाथ लगा था। इस ग्रुप से जुड़े एक सदस्य को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया, जिसकी चैट्स से फिदायीन हमले की साजिश का खुलासा हुआ। इसके साथ ही कई अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी सामने आई।
जाँच एजेंसियों ने जब इस व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े नेटवर्क को खंगाला, तो मेरठ के उजैद कुरैशी का नाम भी सामने आया। उजैद इस ग्रुप में एक्टिव बताया जा रहा है, हालांकि ग्रुप में उसका सिर्फ एक मैसेज ही मिला है। इसके अलावा, नवंबर 2024 में उजैद के जम्मू-कश्मीर जाने की जानकारी भी सामने आई है, जहाँ वह संदिग्ध तत्वों के संपर्क में आया था।
उजैद के खिलाफ BNS की धारा 113 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसका सीधा संबंध आतंकवादी गतिविधियों से है। उस पर अलकायदा के स्लीपर सेल के रूप में काम करने का आरोप है। जाँच में यह भी सामने आया है कि उजैद के पिता मोहम्मद साजिद कुरैशी का भी जम्मू-कश्मीर आना-जाना रहता है। वह फल व्यापारी हैं और जम्मू-कश्मीर से फल मँगाकर मेरठ की मंडी में सप्लाई करते हैं।
उधर, राजधानी दिल्ली में भी गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने अलकायदा से जुड़े 6 आतंकवादियों के फोटो जारी किए हैं। इनमें दिल्ली के मोहम्मद रेहान की तस्वीर भी शामिल है, जिसे पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने वांटेड आतंकवादी घोषित किया है। सुरक्षा एजेंसियाँ किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel