दिल्ली में ‘गला घोंटू गैंग’ का आतंक: दिनदहाड़े लूट, CCTV में कैद, तीनों आरोपी गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के रोहिणी स्थित सरस्वती विहार बस स्टैंड पर 7 अगस्त 2025 को दिनदहाड़े ‘गला घोंटू गैंग’ ने एक व्यक्ति को लूट लिया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
फुटेज में दिखता है कि पीड़ित बस स्टैंड पर खड़ा था, तभी स्कूटी पर सवार तीन बदमाश पहुंचे। पीछे बैठे आरोपी ने मोबाइल झपटा और पीड़ित का गला दबाकर पकड़ लिया। दूसरा आरोपी जेब से सामान निकालने लगा, जबकि तीसरा स्कूटी पर बैठा भागने के लिए तैयार रहा।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी और CCTV फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग पहले भी इलाके में सक्रिय रहा है और अचानक हमला कर गला दबाकर लूटपाट करना इसकी पहचान है। फिलहाल पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।