सुप्रीम कोर्ट का आदेश: आवारा कुत्तों को शेल्टर होम भेजो, बाहर डॉग लवर्स और वकीलों में भिड़ंत
दिल्ली-NCR में आवारा कुत्तों को शेल्टर होम भेजने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश ने विवाद खड़ा कर दिया है। 11 अगस्त को सुनवाई के दौरान अदालत के बाहर डॉग लवर्स और वकीलों के बीच कहासुनी हाथापाई में बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लोग कॉलर पकड़कर मारपीट करते और गालियां देते नजर आ रहे हैं।
अदालत के फैसले पर कई नेता, फिल्मी सितारे और आम लोग नाराजगी जता रहे हैं। पशु अधिकार कार्यकर्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने इसे “आर्थिक रूप से अव्यावहारिक और पर्यावरण के लिए हानिकारक” बताया। उनका कहना है कि दिल्ली में करीब 3 लाख आवारा कुत्ते हैं, जिन्हें शेल्टर में रखने पर 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च आएगा, साथ ही हजारों नई सुविधाएं, स्टाफ और जमीन की जरूरत होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि सड़कों पर कुत्ते नजर नहीं आने चाहिए और अगर कोई पशु प्रेमी इस प्रक्रिया में बाधा डालेगा, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। जहां कुछ लोग इसे सुरक्षा के लिहाज से जरूरी बता रहे हैं, वहीं पशु प्रेमियों के मुताबिक यह अमानवीय और अव्यावहारिक कदम है।