भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दिल्ली कैंट स्थित करियप्पा परेड कैंप में एनसीसी गणतंत्र दिवस कैंप–2026 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड कैंप–2026 से पहले एनसीसी कैडेट्स को संबोधित किया और उन्हें आत्ममंथन, कड़ी मेहनत और मूल्यों पर आधारित जीवन का संदेश दिया।
एयर चीफ मार्शल ने कहा कि प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन जब हम दूसरों से आगे निकल जाते हैं और वहीं रुक जाते हैं, तो हमारी प्रगति थम जाती है। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि युवाओं को दूसरों के बजाय खुद से मुकाबला करना चाहिए और लगातार बेहतर बनने का प्रयास करना चाहिए।
#WATCH | Delhi: Indian Air Force chief Air Chief Marshal Amar Preet Singh visits NCC Republic Day Camp-2026 at the Cariappa Parade Camp in Delhi Cantt. https://t.co/XDqSs8CzfH pic.twitter.com/A8F34YMDB7
— ANI (@ANI) January 8, 2026
असफलता को लेकर कैडेट्स को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि असफलता से कभी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि असफलता उसी को मिलती है जो काम करता है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे एक प्रमोशन परीक्षा में असफल हुए थे और अपने बैचमेट्स से एक साल बाद प्रमोशन मिला, इसके बावजूद वे भारतीय वायु सेना प्रमुख बने।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति का कर्तव्य है ईमानदारी से मेहनत करना और बेहतर करने की कोशिश करना। लक्ष्य हासिल हुआ या नहीं, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है जितना कि उस दिशा में किया गया प्रयास। उन्होंने कहा कि मंज़िल से ज़्यादा सफ़र अहम होता है और सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कैडेट्स से आग्रह किया कि वे किसी तय सोच में न बंधें और अपने माता-पिता व शुरुआती शिक्षकों द्वारा सिखाए गए अच्छे मूल्यों को कभी न भूलें। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मूल्यों को अपनाकर युवा न केवल सफल पेशेवर बनेंगे, बल्कि अच्छे और ज़िम्मेदार नागरिक भी बनेंगे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel