पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके लिए सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट चुके हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि “बिहार की जीत के बाद अब बंगाल की बारी है। गंगा बिहार से बंगाल जाती है, और हमें पश्चिम बंगाल में भी जीत हासिल करनी है।”
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश अब पूरी तरह ‘रिफ़ॉर्म एक्सप्रेस’ के दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार के सभी सुधार तेज़ी से, स्पष्ट मंशा के साथ और नागरिक-केंद्रित तरीके से किए जा रहे हैं। ये सुधार केवल आर्थिक लाभ या राजस्व बढ़ोतरी के लिए नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की दिक्कतों को दूर करने के उद्देश्य से लागू किए जा रहे हैं, ताकि हर व्यक्ति अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके।
Earlier today, attended a meeting of NDA MPs. We discussed various issues, notably ways to further our good governance agenda to realise our dream of a Viksit Bharat. pic.twitter.com/h9Fo6o1BUo
— Narendra Modi (@narendramodi) December 9, 2025
प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के लोगों की वास्तविक समस्याएँ सक्रिय रूप से सरकार के साथ साझा करें। उनका कहना था कि जब तक लोगों की असल परेशानियाँ सामने नहीं आएंगी, तब तक सुधार हर घर तक नहीं पहुँच पाएंगे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि सरकार 30–40 पन्नों वाले फॉर्म और बेवजह के कागज़ी काम की पुरानी संस्कृति को खत्म करना चाहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेवाओं को नागरिकों के दरवाज़े तक पहुँचाना जरूरी है, और बार-बार एक ही जानकारी जमा करने की मजबूरी खत्म की जानी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले 10 वर्षों में नागरिकों पर भरोसा जताते हुए सरकार ने सेल्फ-सर्टिफिकेशन की व्यवस्था लागू की थी, जिसे बिना किसी दुरुपयोग के सफलतापूर्वक अपनाया गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि Ease of Life और Ease of Doing Business — दोनों ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं, और इन्हें तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।