अगर आप ऐसी फिल्में देखना पसंद करते हैं जो दिल को अंदर तक झकझोर दें और आंखों से आंसू बहने पर मजबूर कर दें, तो ‘होमबाउंड’ आपके लिए ही बनी है। दमदार कहानी, संवेदनशील निर्देशन और ऐसी परफॉर्मेंस जो बिना ज्यादा बोले सब कुछ कह देती है—इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है। इसके कई दृश्य आपको इरफान खान की याद दिला सकते हैं, खासकर विशाल जेठवा की सधी हुई अदाकारी और उनकी बोलती आंखें, जो भावनाओं को बेहद गहराई से सामने रखती हैं।
फिल्म में ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर भी मजबूत भूमिकाओं में नजर आते हैं। तीनों कलाकारों की परफॉर्मेंस कहानी को और असरदार बनाती है। ‘होमबाउंड’ इतिहास रचने की राह पर है, क्योंकि यह ऑस्कर तक पहुंच चुकी है। इसके साथ ही यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है और IMDb पर इसे शानदार रेटिंग मिली है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में खूब तारीफें बटोर चुकी यह फिल्म अब ऑस्कर में भी अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है।
फिल्म की कहानी
‘होमबाउंड’ की कहानी दो दोस्तों—मोहम्मद शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन कुमार (विशाल जेठवा)—के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पुलिस ऑफिसर बनने का सपना देखते हैं। लेकिन समाज की पुरानी रुकावटें, जैसे जाति और धार्मिक भेदभाव, उनके रास्ते में बार-बार बाधा बनती हैं। शोएब को उसकी धार्मिक पहचान और चंदन को उसकी जाति के कारण रोका जाता है। यह संघर्ष दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है कि क्या सिर्फ मेहनत और लगन ही काफी हैं, या फिर समाज की ये जंजीरें सपनों से बड़ी हो जाती हैं।
बेहद शानदार फ़िल्म होमबाउंड ऑस्कर 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट हुई है।✌️
बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटिगरी में दुनियाभर से आई 86 फिल्मों में से 15 को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिसमें से होमबाउंड भी एक है।अभी तक नहीं देखी हो तो जरूर देखिए…#Oscars
#Homebound pic.twitter.com/iwyGFq5Fny
— Saurabh (@sauravyadav1133) December 17, 2025
कहानी में सुधा भारती (जाह्नवी कपूर) का किरदार उम्मीद की किरण बनकर सामने आता है। वह तमाम मुश्किलों के बावजूद बड़े सपने देखती है और उन्हें पूरा करने की कोशिश करती है, जिससे फिल्म को भावनात्मक मजबूती मिलती है।
IMDb रेटिंग और दर्शकों की प्रतिक्रिया
फिल्म को IMDb पर 8 की दमदार रेटिंग मिली है, जो इसे इस साल की सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल करती है। भले ही यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट न रही हो, लेकिन क्रिटिक्स और ओटीटी दर्शकों ने इसे खूब सराहा है।
निर्देशन और प्रोडक्शन
‘होमबाउंड’ का निर्देशन नीरज घेवान ने किया है, जो इससे पहले ‘मसान’ जैसी चर्चित फिल्म बना चुके हैं। फिल्म को करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। भारत में यह फिल्म 26 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी और तभी से चर्चा में बनी हुई है।
कान्स और टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में धमाल
फिल्म को 78वें कान्स फिल्म फेस्टिवल के ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ सेक्शन में चुना गया था, जहां इसे लगभग नौ मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन मिला। इसके अलावा, ‘होमबाउंड’ को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) 2025 में भी गाला प्रेजेंटेशन के तहत दिखाया गया। TIFF में भी फिल्म को जबरदस्त सराहना मिली और इसे पीपल्स चॉइस इंटरनेशनल अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया, जहां यह सेकंड रनर-अप रही।
OTT पर कहां देखें
नेटफ्लिक्स ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर की यह फिल्म 21 नवंबर से प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही है। फिलहाल ‘होमबाउंड’ नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। खास बात यह है कि यह फिल्म अब 98वें ऑस्कर में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री भी बन चुकी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel