हिंदी सिनेमा की कल्ट फिल्मों में शामिल मुन्ना भाई एमबीबीएस आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है। संजय दत्त, अरशद वारसी और बोमन ईरानी जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म की कहानी और किरदार जितने यादगार रहे, उतना ही चर्चा में रहा इसका आइटम सॉन्ग ‘देख ले आंखों में आंखें डाल…’। इस गाने में नजर आईं एक्ट्रेस मुमताज खान उर्फ मुमैत खान ने अपनी शानदार अदाओं और डांस मूव्स से दर्शकों का दिल जीत लिया था।
एक गाने ने बदल दी करियर की दिशा
गाने में ‘नंदिनी’ के किरदार में मुमैत खान की एनर्जी, आत्मविश्वास और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें रातोंरात सुर्खियों में ला दिया। इस एक गाने की सफलता के बाद उन्हें लगातार फिल्मों में आइटम सॉन्ग्स के ऑफर मिलने लगे और वह उस दौर की लोकप्रिय आइटम डांसरों में शामिल हो गईं।
बॉलीवुड से साउथ सिनेमा तक बनाई पहचान
2003 के बाद मुमैत खान ने हिंदी के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। ‘हलचल’, ‘लकी नो टाइम फॉर लव’ और ‘राउडी राठौड़’ जैसी फिल्मों के गानों में उनके डांस को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा साउथ की फिल्मों में भी उनके आइटम सॉन्ग्स ने खास लोकप्रियता हासिल की।
2016 का हादसा बना जिंदगी का टर्निंग पॉइंट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2016 में मुमैत खान एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हुईं, जिसमें उनके दिमाग की पांच नसें प्रभावित हुईं और वह करीब 15 दिनों तक कोमा में रहीं। लंबे इलाज और दवाइयों के चलते उनके शरीर में कई बदलाव आए, खासकर वजन बढ़ने से उनका लुक काफी बदल गया। डॉक्टरों ने उन्हें कई वर्षों तक भारी शारीरिक मेहनत से दूर रहने की सलाह दी थी।
मुश्किलों के बाद नई शुरुआत
हालांकि कठिन दौर के बावजूद मुमैत खान ने खुद को संभाला और नई शुरुआत की। एक्टिंग से दूरी के बावजूद वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपने डांस वीडियो और तस्वीरों के जरिए फैंस से जुड़ी रहती हैं।
बिजनेस में भी आजमा रहीं हाथ
मुमैत खान ने हैदराबाद में WeLyke Academy नाम से मेकअप और हेयर ट्रेनिंग अकादमी शुरू की है, जहां वह युवाओं को ब्यूटी और ग्रूमिंग की ट्रेनिंग दे रही हैं। यह उनके जीवन के नए अध्याय की मिसाल है, जिसमें उन्होंने चुनौतियों के बावजूद आगे बढ़ने का साहस दिखाया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel