सीएम योगी पर बनी फिल्म की किस्मत का 2 दिन में होगा फैसला, सेंसर बोर्ड ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दिया जवाब
योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ की रिलीज़ की उलटी गिनती शुरू हो गई है, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट की मंजूरी अब तक अटकी हुई थी। फिल्म 1 अगस्त को रिलीज़ होनी है, पर अभी तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की तरफ से अनुमति नहीं मिली थी। इस देरी को लेकर फिल्म के निर्माताओं, सम्राट सिने मैटिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। गुरुवार को हुई सुनवाई में सेंसर बोर्ड ने कोर्ट को बताया कि दो कार्यदिवस के भीतर फिल्म पर फैसला लिया जाएगा।
फिल्म ‘अजेय’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीवनी ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ से प्रेरित है। हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति नीला गोखले की खंडपीठ के समक्ष सीबीएफसी के वकील ने यह स्पष्ट किया कि फिल्म को सर्टिफिकेट देने के लिए निर्माताओं के आवेदन पर दो दिन में निर्णय ले लिया जाएगा। अब सभी की निगाहें इस फैसले पर टिकी हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है, खासकर इसके दमदार संवादों और स्टारकास्ट को लेकर। फिल्म में अनंत विजय जोशी, योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ परेश रावल, दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’, अजय मेंगी, राजेश खट्टर, पवन मल्होत्रा और गरिमा विक्रांत सिंह जैसे दिग्गज कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म में योगी आदित्यनाथ के संघर्ष, साहस और भयमुक्त प्रदेश की कल्पना को पर्दे पर जीवंत रूप में पेश किया गया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि सेंसर बोर्ड इस राजनीतिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील फिल्म को हरी झंडी देता है या कुछ बदलावों की मांग करता है। पर एक बात तय है — अगले दो दिन इस फिल्म की किस्मत का फैसला कर देंगे।