गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का सोमवार (13 अक्टूबर 2025) की रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी उम्र 79 वर्ष थी। नाइक ने अपने लंबे राजनीतिक करियर में गोवा की राजनीति में एक अहम भूमिका निभाई थी।
रवि नाइक ने 1980 में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। बाद में वे कॉन्ग्रेस पार्टी से जुड़ गए और 1991 तथा 1994 में दो बार गोवा के मुख्यमंत्री रहे। अपने कार्यकाल में उन्होंने राज्य के बुनियादी ढाँचे और सामाजिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सरकार में कृषि मंत्री के रूप में कार्यरत थे। कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को लेकर राज्य में उन्हें एक दूरदर्शी नेता के रूप में देखा जाता था।
Saddened by the passing away of Shri Ravi Naik Ji, Minister in the Goa Government. He will be remembered as an experienced administrator and dedicated public servant who enriched Goa’s development trajectory. He was particularly passionate about empowering the downtrodden and…
— Narendra Modi (@narendramodi) October 15, 2025
उनके निधन पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि गोवा ने एक अनुभवी और समर्पित नेता को खो दिया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “गोवा सरकार में मंत्री श्री रवि नाइक जी के निधन से दुखी हूँ। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित जनसेवक के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने गोवा के विकास को आगे बढ़ाया।”
रवि नाइक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और तीन पोते-पोतियों का परिवार छोड़ गए हैं। उन्हें एक सशक्त नेता और समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित प्रेरणा स्रोत के रूप में सदैव याद किया जाएगा।