उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक मेडिकल की तैयारी कर रही छात्रा के अपहरण और गंभीर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िता के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को कोचिंग और लाइब्रेरी से अपने कमरे लौटते समय उसे गांव के ही कुछ युवकों ने अगवा कर लिया।
पीड़िता का आरोप
उसे करीब 15 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, जहां उसके साथ लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया। इस दौरान उसे नशीले इंजेक्शन दिए जाते थे और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। उसके शरीर को सिगरेट से जलाने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप सामने आए हैं।
पीड़िता ने बताया कि आरोपित उसे 13 मई को प्रयागराज ले गए, जहां उस पर जबरन शादी का दबाव बनाया गया। उसे यह धमकी दी गई कि शादी करने पर उसके भाई को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस दौरान फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
बाद में जब पीड़िता को वापस गांव लाया गया और उसे अपने भाई की सुरक्षा का पता चला, तब उसने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना का खुलासा किया।
इस मामले में
महोबा शहर कोतवाली में 7 मई को तीन नामजद आरोपितों—मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास और संतराम—के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पीड़िता के परिवार का कहना है कि मुख्य आरोपित पहले भी उनकी बेटी को परेशान कर चुके थे और इस संबंध में पहले से मामला दर्ज था।
पीड़िता का बयान अदालत में दर्ज किया जा चुका है और फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel