केरल के कन्नूर जिले में स्थित एक अदालत ने नया माहे दोहरे हत्याकांड मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने इस मामले में आरोपित 16 सीपीएम (CPM) कार्यकर्ताओं को बरी कर दिया है। इनमें से दो कार्यकर्ताओं की मौत ट्रायल के दौरान ही हो चुकी थी, जबकि बाकी 14 आरोपियों को बुधवार (8 अक्टूबर 2025) को अदालत ने सभी आरोपों से मुक्त कर दिया।
यह फैसला कन्नूर के थालास्सेरी अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने सुनाया। बरी किए गए कार्यकर्ताओं में एनके सुनील कुमार उर्फ कोडी सुनी, केके मुहम्मद शफी, के शिनोज, टी सुजीत, टीके सुमेश, टीपी शमील, एके शम्मास, केके अब्बास, राहुल, केवी विनेश, पीवी विजिथ, फैसल, सारिश और टीपी सजीर शामिल हैं। अदालत ने सबूतों की कमी के कारण सभी आरोपियों को दोषमुक्त किया।
इन सभी पर 2010 में आरएसएस (RSS) कार्यकर्ताओं विजित और शिनोज की हत्या का आरोप था। घटना 28 मई 2010 की है, जब नया माहे इलाके में दोनों आरएसएस कार्यकर्ताओं पर बम फेंका गया था। धमाके से फैली दहशत में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह हमला उस समय हुआ जब विजित और शिनोज पल्लूर स्थित एक अदालत से सीपीएम कार्यकर्ता से जुड़े हत्या के प्रयास के मामले में पेशी देकर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने इस हमले का आरोप सीपीएम से जुड़े लोगों पर लगाया था, जिसके बाद लंबी कानूनी प्रक्रिया चली। अब 15 साल बाद अदालत ने सबूतों के अभाव में सभी आरोपितों को बरी कर दिया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel