फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए डॉ. मुजाहिल शकील नामक कश्मीरी डॉक्टर के किराए के घर से 300 किलो आरडीएक्स, कई AK-47 राइफलें, 84 बोर की राइफलें, बड़ी मात्रा में कारतूस और केमिकल पदार्थ बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस की खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, जिसमें केंद्रीय एजेंसियों और हरियाणा पुलिस का सहयोग शामिल था। पुलिस के अनुसार, डॉ. शकील फरीदाबाद में किराए के कमरे का इस्तेमाल विस्फोटक और हथियारों के भंडारण के लिए कर रहा था। छापेमारी के दौरान कमरे से कुल 14 बैग बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार रखे गए थे। बताया जा रहा है कि उसने यह कमरा लगभग तीन महीने पहले किराए पर लिया था, और स्थानीय लोगों को यह आभास तक नहीं था कि कमरे में इतना बड़ा जखीरा छिपाया गया है।
इससे पहले, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से डॉ. आदिल अहमद राथर को गिरफ्तार किया गया था, जो जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़ा बताया जा रहा है। आदिल अहमद राथर अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में डॉक्टर के रूप में काम करता था और मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले का निवासी है। जांच में यह सामने आया कि आदिल जैश-ए-मोहम्मद के निष्क्रिय नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश में था और भारत में आतंकी गतिविधियों के लिए युवाओं की भर्ती व हथियारों की आपूर्ति का कार्य संभाल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में ही पुलिस को डॉ. मुजाहिल शकील के फरीदाबाद में छिपे होने और उसके ठिकाने पर भारी मात्रा में हथियार-बारूद होने की जानकारी मिली।
इस जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। करीब 10 से 12 पुलिस वाहनों की टीम ने फरीदाबाद के उस इलाके को घेरकर तलाशी ली, जहाँ से यह बड़ा आतंकी जखीरा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात तक फैले हुए हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गुजरात ATS ने भी ISIS से जुड़े तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे।
सुरक्षा एजेंसियाँ अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि डॉ. शकील और डॉ. आदिल को हथियारों और विस्फोटकों की आपूर्ति किस चैनल से की जा रही थी और क्या इनका कोई संबंध हाल ही में पकड़े गए अन्य आतंकी मॉड्यूल से है। जांच के दौरान यह संकेत मिले हैं कि यह मॉड्यूल देश के प्रमुख शहरों में बड़े पैमाने पर विस्फोट की साजिश रच रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जांचने की कोशिश कर रही है कि क्या इनके संपर्क अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से भी जुड़े हुए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel