दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने एआई का दुरुपयोग कर एक 15 साल की नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल किया। उसने लड़की की तस्वीरों और वीडियो को एआई की मदद से अश्लील बनाकर उसे डराया-धमकाया और पैसे वसूले। इस मामले ने न केवल तकनीक के गलत इस्तेमाल को उजागर किया, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। 15 साल की एक लड़की, जो सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है, इस घटना की शिकार बनी। उसने अपनी मां के मोबाइल फोन पर इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया हुआ था। करीब तीन-चार महीने पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक से हुई। दोनों ने सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू की। शुरुआत में बातचीत सामान्य थी लेकिन जल्द ही युवक ने लड़की को अपनी गर्लफ्रेंड बनने के लिए दबाव डाला। लड़की ने साफ मना कर दिया लेकिन इसके बाद युवक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
एआई का दुरुपयोग और ब्लैकमेलिंग- युवक ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर लड़की की तस्वीरों को अश्लील बनाया और कुछ फर्जी वीडियो भी तैयार किए। उसने ये तस्वीरें और वीडियो लड़की को भेजकर धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। डरी-सहमी लड़की ने उसकी बात मान ली। युवक ने इस डर का फायदा उठाकर लड़की से पैसे मांगने शुरू किए। लड़की ने डेढ़ महीने के दौरान पांच बार में कुल 48 हजार रुपये युवक को दे दिए। ये पैसे उसने अपने घर से चुपके से लिए थे।दबाव और धमकियांपैसे वसूलने के बाद भी युवक का लालच कम नहीं हुआ। उसने लड़की पर अपने घर या किसी कमरे में आने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब लड़की ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो युवक ने और डराना शुरू कर दिया। उसने लड़की के भाई को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। इतना ही नहीं, वह लड़की को रास्ते में आते-जाते समय छेड़छाड़ भी करता था। विरोध करने पर वह और धमकियां देता।
डर के मारे लड़की चुप रही और उसकी बात मानती रही। शुक्रवार की रात को लड़की के घरवालों को घर से पैसे गायब होने का शक हुआ। उन्होंने लड़की से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई और उसने अपनी मां को सारी बात बता दी। मां तुरंत अपनी बेटी को लेकर करावल नगर पुलिस थाने पहुंची और वहां शिकायत दर्ज कराई। लड़की ने पुलिस को बताया कि कैसे युवक ने उसकी तस्वीरों को एआई से अश्लील बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और पैसे वसूले।
उसने यह भी बताया कि युवक उसे रास्ते में छेड़ता था और धमकियां देता था। पुलिस की कार्रवाई पुलिस ने लड़की की शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने युवक के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया लेकिन जैसे ही युवक को इसकी भनक लगी, वह अपने घर से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपी को पकड़ लेंगे और उसे सख्त सजा दिलवाएंगे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel