तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की दरांती से बेरहमी से हत्या कर दी और फिर मृतका के शव के साथ सेल्फी लेकर उसे व्हाट्सऐप स्टेटस पर पोस्ट कर दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपित मौके पर ही बैठा रहा और पुलिस के आने का इंतजार करता रहा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका की पहचान श्रीप्रिया के रूप में हुई है, जो कोयंबटूर की एक निजी कंपनी में काम करती थी। पति से लगातार विवादों के कारण वह कुछ समय से अपने घर से अलग रहकर एक हॉस्टल में रह रही थी। रविवार (30 नवंबर 2025) को उसका पति और आरोपित बालामुरुगन उसे मिलने के बहाने हॉस्टल पहुँचा था। कपड़ों में उसने पहले से ही दरांती छिपा रखी थी।
मुलाकात के दौरान दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ और विवाद बढ़ने पर बालामुरुगन ने अचानक दरांती निकालकर श्रीप्रिया पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते वहीं उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित ने शव के पास खड़े होकर सेल्फी ली और उसे व्हाट्सऐप स्टेटस पर ‘धोखे की सजा मौत है’ लिखकर पोस्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि पुरुष को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था।
घटना के समय हॉस्टल में मौजूद लोग हमले की आवाज सुनकर घबरा गए और बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। इस बीच आरोपित बिना भागे वहीं बैठा रहा। मौके पर पहुँची पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल दरांती को भी बरामद कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel