दिल्ली ब्लास्ट और फरीदाबाद आतंकी डॉक्टर मॉड्यूल के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने लखनऊ में गिरफ्तार महिला डॉक्टर शाहीन के घर पर गहन तलाशी ली। तलाशी अभियान में NIA के साथ यूपी ATS की टीम भी मौजूद थी। इस दौरान एजेंसी ने शाहीन के भाई डॉक्टर शोएब और उसके पिता सईद अंसारी से भी विस्तृत पूछताछ की। घर में मौजूद सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को एनआईए ने अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक तलाशी में बरामद सामग्री या सुरागों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश: 10 नवंबर को हुए दिल्ली बम विस्फोट के आरोपियों में से एक डॉ. शाहीन के घर पर NIA की रेड चल रही है। pic.twitter.com/Y6esUNJiab
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 1, 2025
तलाशी अभियान के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। डॉक्टर शाहीन का घर लखनऊ के लालबाग स्थित खंदारी बाजार इलाके में है, जहाँ अचानक हुई कार्रवाई के कारण स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बन गया। इससे पहले 11 नवंबर 2025 को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी इसी घर पर छापा मारा था, जिसके बाद शाहीन और उसके मॉड्यूल को लेकर कई गंभीर खुलासे सामने आए थे।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शाहीन के पिता ने पहले कहा था कि उन्हें अपनी बेटी की गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। एनआईए की टीम 1 दिसंबर को कई घंटों तक घर की छानबीन करने के बाद सुबह 11:42 बजे वहाँ से बाहर निकली। तलाशी के बाद अब यह देखा जाना बाकी है कि जाँच एजेंसी आगे इस केस में क्या कार्रवाई करती है और शाहीन के नेटवर्क से जुड़े और कौन–कौन लोग एजेंसियों के रडार पर आते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel