मुंबई की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मेयर पद के लिए रितु तावड़े के नाम पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही बीएमसी मेयर को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। करीब 40 वर्षों में पहली बार बीएमसी में बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है, जिसे मुंबई की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
बीजेपी पार्षदों की अंतिम रणनीति बैठक बीएमसी मुख्यालय में आयोजित की गई, जिसमें मंत्रोच्चार के बीच रितु तावड़े के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। बैठक के दौरान शिवाजी महाराज की जय के नारे भी लगाए गए। वहीं शिवसेना (शिंदे गुट) के संजय शंकर घाड़ी को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है। गठबंधन की राजनीति के तहत यह फैसला लिया गया, क्योंकि बहुमत के लिए जरूरी सीटों में शिंदे गुट की भूमिका अहम रही है।
#WATCH | Mumbai | Brihanmumbai Municipal Corporation Elections | BJP’s Ritu Tawde has been named the Mahayuti’s nominee for the post of Mayor, while Shiv Sena leader Sanjay Shankar Ghadi is the alliance’s nominee for Deputy Mayor. https://t.co/bsgW5cg05L pic.twitter.com/eLhp2D52Ig
— ANI (@ANI) February 7, 2026
रितु तावड़े बीजेपी की वरिष्ठ पार्षद हैं और उन्हें शुरुआत से ही मेयर पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। वह घाटकोपर क्षेत्र से तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने 2012 में वार्ड नंबर 127 से जीत दर्ज की, 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से चुनी गईं और 2025 के चुनाव में वार्ड नंबर 132 से जीत हासिल की। वह मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन भी रह चुकी हैं और अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जानी जाती हैं।
बीएमसी चुनाव परिणामों में बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं, जिससे गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार किया। दूसरी ओर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने 65 सीटें जीतीं, मनसे को 6 सीटें और शरद पवार गुट की एनसीपी को 1 सीट मिली। बहुमत के लिए 114 सीटों की जरूरत थी, जिसे बीजेपी-शिंदे गठबंधन ने पूरा कर लिया है।
बीएमसी देश की सबसे अमीर नगर निगम मानी जाती है, इसलिए इसके मेयर पद की सियासी अहमियत काफी ज्यादा है। लंबे समय से इस पद को लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ और रणनीतिक बैठकों का दौर जारी था। अब महिला मेयर के रूप में रितु तावड़े का नाम सामने आने से इसे बीजेपी के लिए बड़ा राजनीतिक गेमचेंजर माना जा रहा है। बीएमसी मेयर का आधिकारिक चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे बीएमसी मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बीजेपी गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel