महाराष्ट्र के औरंगाबाद से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सांसद इम्तियाज जलील ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा है कि भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए उनकी पार्टी किसी भी अन्य दल के साथ गठबंधन करने को तैयार है। उन्होंने साफ कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो AIMIM महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) के साथ भी जाने को तैयार है।
इम्तियाज जलील का यह बयान ऐसे समय आया है, जब महाराष्ट्र की सियासत में नए गठबंधनों और समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में जलील और महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तथा एनसीपी नेता राजेश टोपे के बीच मुलाकात हुई थी। जलील ने बताया कि दो दिन पहले राजेश टोपे उनके घर आए थे, जहां दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक हालात और संभावनाओं पर चर्चा हुई।
AIMIM ने फिर से बड़ा दावा किया: "भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं!"
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने स्पष्ट संदेश दिया – बीजेपी को रोकना प्राथमिकता है, चाहे इसके लिए किसी भी राजनीतिक दल… pic.twitter.com/DgjsfkhgeR
— One India News (@oneindianewscom) January 21, 2026
जलील ने कहा कि AIMIM को अक्सर भाजपा की ‘बी टीम’ कहा जाता है, लेकिन इसी आरोप को खारिज करने के लिए उन्होंने एनसीपी के साथ गठबंधन की पेशकश की है। उन्होंने कहा, “हर बार हमें भाजपा की बी टीम बताया जाता है, इसलिए हमने एनसीपी के साथ जाने की बात कही है, अब देखते हैं आगे क्या होता है।”
AIMIM सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि कोई भी बड़ी पार्टी AIMIM को अपने गठबंधन में शामिल नहीं करना चाहती, जबकि सभी दल मुस्लिम वोटों की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस चाहती है कि AIMIM गठबंधन में शामिल हो, तो उनकी पार्टी इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए इम्तियाज जलील ने कहा कि आज देश को सबसे ज्यादा नुकसान अगर कोई पार्टी पहुंचा रही है, तो वह भाजपा है। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए AIMIM जो भी जरूरी होगा, वह करने को तैयार है।
इसी बातचीत के दौरान इम्तियाज जलील ने संभाजी भिड़े को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। आजतक से खास बातचीत में उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब से संभाजी भिड़े की तुलना करते हुए कहा कि कसाब ने देश को तोड़ने के लिए बंदूक का इस्तेमाल किया था, जबकि भिड़े जैसे लोग अपनी जुबान से समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।
इम्तियाज जलील ने संभाजी भिड़े को ‘गुरु’ मानने से भी साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि गुरु वह होता है जो सही शिक्षा और सही मार्गदर्शन देता है, जबकि भिड़े जैसे व्यक्ति को गुरु की उपाधि देने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि इस्लाम के बारे में भिड़े द्वारा दिए गए बयान गलत और भड़काऊ हैं।
धर्म को लेकर अपनी बात रखते हुए AIMIM सांसद ने कहा कि कोई भी धर्म बुरा नहीं होता। चाहे वह हिंदू धर्म हो, जैन धर्म, ईसाई धर्म, सिख धर्म या इस्लाम—सभी धर्म अच्छी सीख देते हैं। उनके मुताबिक, लोग अच्छे या बुरे हो सकते हैं, लेकिन धर्म नहीं।
हालांकि, इम्तियाज जलील ने यह भी स्पष्ट किया कि वह संभाजी भिड़े के खिलाफ पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भिड़े जैसे लोगों की जगह थाने में नहीं, बल्कि मानसिक अस्पताल में होनी चाहिए।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel