अमित शाह का रिटायरमेंट प्लान और 1986 हरिद्वार कुंभ का गहरा संबंध
देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जब अपने रिटायरमेंट की बात करते हैं, तो ये केवल एक राजनीतिक बयान नहीं होता, बल्कि उनके जीवन दर्शन और सनातन संस्कृति से गहरे जुड़ाव का प्रतिबिंब होता है। उन्होंने खुद कहा है कि राजनीति से संन्यास लेने के बाद वे अपना समय वेद-उपनिषद के अध्ययन और प्राकृतिक खेती में लगाना चाहते हैं। यह सोच अचानक नहीं आई, बल्कि इसकी जड़ें 1986 के हरिद्वार कुंभ मेले में छिपी हैं, जब वे मात्र 21 वर्ष के थे।
उस समय हरिद्वार कुंभ में 2 लाख श्रद्धालु थे, जिनमें एक युवक स्वामी वामदेव के शिविर में रहकर ऋषियों-मुनियों की सेवा कर रहा था और सनातन धर्म की गहराइयों को आत्मसात कर रहा था। यह युवक और कोई नहीं, बल्कि आज के अमित शाह थे। स्वामी वामदेव ने उन्हें संतों के संपर्क में रहकर वेदांत, दर्शन और जीवन के गूढ़ रहस्यों को समझने का अवसर दिया। हर सुबह अमित शाह को वामदेव एक पर्ची देते, जिसमें उन्हें किसी नए संत से मिलवाने की सिफारिश होती। वह युवक दिनभर भंडारों में भोजन करता, संतों से संवाद करता और अपनी दक्षिणा से एक साइकिल खरीदकर कुंभ में घूमता। उन्होंने सेवा भाव से जो रिश्ता साधु-संतों से बनाया, वह आज भी उनके निर्णयों में परिलक्षित होता है।
अमित शाह जी का पोस्ट-रिटायरमेंट प्लान – वेद, उपनिषद और प्राकृतिक खेती 😃 pic.twitter.com/dEvtnLNFxZ
— BJP (@BJP4India) July 9, 2025
विजयराजे सिंधिया के शिविर से मिले 10 रुपये से उन्होंने अपने गुरु वामदेव के लिए एक माला खरीदी — यह छोटी-सी घटना अमित शाह की निष्ठा और गुरु भक्ति को दर्शाती है। वामदेव वही संत थे, जो महंत अवैद्यनाथ और परमहंस रामचंद्रदास के साथ राम मंदिर आंदोलन में अग्रणी रहे। 1997 में वामदेव के निधन के साल ही अमित शाह पहली बार विधायक बने — एक संयोग, जो जैसे उनका भविष्य लिख रहा हो।

आज जब वे अनुच्छेद-370 हटाने, CAA लागू करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेते हैं या UCC की तैयारी करते हैं, तो वह केवल एक राजनेता की भूमिका नहीं निभा रहे होते, बल्कि वह गहराई से जुड़ी हुई वैदिक परंपरा, चाणक्य, शंकराचार्य और सावरकर जैसे चिंतकों की सोच को कार्यान्वयन में बदल रहे होते हैं। उनका रिटायरमेंट प्लान, जिसमें वे वेदांत के अध्ययन और प्राकृतिक खेती की बात करते हैं, कोई दिखावा नहीं, बल्कि उसी आध्यात्मिक यात्रा की निरंतरता है जो 1986 में हरिद्वार से शुरू हुई थी।
यही कारण है कि अमित शाह जब ‘रिटायरमेंट’ शब्द का उपयोग करते हैं, तो वह राजनीतिक अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की ओर संकेत होता है — जिसमें वे नीतियों के बजाय ज्ञान, दर्शन और प्रकृति के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।