Axiom-4 टीम की वापसी अब 14 जुलाई के बाद संभव
भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की पृथ्वी पर वापसी को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। Axiom-4 मिशन के तहत पिछले 12 दिनों से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद शुभांशु शुक्ला और उनकी टीम की वापसी आज होनी थी, लेकिन अब इसमें देरी हो गई है। यूरोपीय स्पेस एजेंसी (ESA) के मुताबिक, खराब मौसम, तकनीकी तैयारियों और ISS में प्रेशर लीक की जांच के चलते Axiom-4 टीम की वापसी 14 जुलाई से पहले संभव नहीं है।

फ्लोरिडा तट के पास मौसम खराब होने की वजह से रिकवरी ऑपरेशन को अंजाम देना जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसके अलावा स्पेस स्टेशन में हाल ही में प्रेशर लीक की सूचना मिलने पर जांच की जा रही है, जिससे सुरक्षा कारणों के चलते मिशन की वापसी को कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। तकनीकी टीमों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा करने के बाद ही Axiom-4 क्रू को धरती पर लौटने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे में शुभांशु शुक्ला की वापसी अब 3-4 दिन की देरी के साथ 14 जुलाई के बाद ही संभव हो सकेगी।