कनाडा में एक और भारतीय नागरिक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान शिवांक अवस्थी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। यह वारदात यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबरो कैंपस के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, शिवांक अवस्थी को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शिवांक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। जांच एजेंसियों ने शिवांक की तस्वीर सार्वजनिक करते हुए लोगों से इस मामले में किसी भी तरह की जानकारी साझा करने की अपील की है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिवांक अवस्थी यूनिवर्सिटी के छात्र थे या नहीं।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद एहतियातन यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबरो कैंपस को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने छात्रों और यूनिवर्सिटी स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। वहीं, जिस इलाके में गोलीबारी हुई, वहां जाने वाले रास्तों को भी बंद कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कनाडा में भारतीय मूल की एक महिला हिमांशी खुराना की हत्या का मामला सामने आया था। 30 वर्षीय हिमांशी का शव एक घर से बरामद किया गया था। पुलिस ने बाद में पुष्टि की थी कि उनकी हत्या की गई थी।
इस मामले में टोरंटो पुलिस ने अब्दुल गफूरी नामक व्यक्ति की तलाश शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, हिमांशी और आरोपी एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कनाडा में भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel