महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट कहा कि टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से किए जाने पर उन्हें आपत्ति है।
दरअसल, हाल ही में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से किए जाने पर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
क्या बोले मुख्यमंत्री फडणवीस
राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उनकी आपत्ति इस बात पर नहीं है कि टीपू सुल्तान अच्छे थे या बुरे, बल्कि इस बात पर है कि उनकी तुलना शिवाजी महाराज से की जाए।
उन्होंने कहा,
“हमारी आपत्ति इस बात पर है कि जब कोई यह कहता है कि टीपू सुल्तान छत्रपति शिवाजी महाराज जितने बड़े राजा थे या उनका भी उतना ही गुणगान होना चाहिए।”
इतिहास को लेकर दिया बयान
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई और लोगों को पूरी सच्चाई नहीं बताई गई। उन्होंने दावा किया कि टीपू सुल्तान के शासनकाल में 75 हजार हिंदुओं की हत्या की गई थी, लेकिन यह तथ्य लंबे समय तक इतिहास की पुस्तकों में प्रमुखता से नहीं बताया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि NCERT के पाठ्यक्रम में पहले मुगल साम्राज्य को अधिक स्थान दिया गया था, जबकि शिवाजी महाराज के इतिहास को बहुत कम जगह मिली थी।
मोदी सरकार का भी किया जिक्र
फडणवीस ने कहा कि अब नरेंद्र मोदी सरकार के दौरान मराठा इतिहास और छत्रपति शिवाजी महाराज को पाठ्यक्रम में अधिक महत्व दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर देश में सही इतिहास पहले पढ़ाया गया होता तो शायद लोग ऐसे शासकों को अपना आदर्श नहीं मानते।
राष्ट्रभक्त मुसलमानों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि भारत में कई राष्ट्रभक्त मुसलमान हैं और उनसे किसी को कोई आपत्ति नहीं है।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग देश पर आक्रमण करने वालों को अपना हीरो मानते हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel