केरल के नगर निकाय चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने आखिरकार मेयर पद अपने नाम कर लिया है। सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली बीजेपी से वीवी राजेश मेयर चुने गए हैं। यह जीत केरल विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक संजीवनी मानी जा रही है।
तिरुवनंतपुरम में मेयर पद को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। सेवानिवृत्त डीजीपी आर श्रीलेखा को इस पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। हालांकि तमाम अटकलों और चर्चाओं के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से आखिरकार वीवी राजेश के नाम पर मुहर लगी।
शुक्रवार को नवनियुक्त भाजपा पार्षदों और जिले के नेताओं की एक अहम बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में केरल भाजपा के महासचिव एस सुरेश ने वीवी राजेश को मेयर चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। पार्टी ने इसे केरल की राजधानी में अपनी अब तक की सबसे बड़ी सफलता करार दिया है।
केरल: भाजपा राज्य सचिव और कोडुंगनूर वार्ड पार्षद वी.वी. राजेश तिरुवनंतपुरम निगम के मेयर चुने गए हैं। उन्होंने 51 वोट प्राप्त किए।
यह इतिहास में पहली बार है जब तिरुवनंतपुरम निगम में भाजपा का मेयर बना है।
उन्हें 50 भाजपा पार्षदों और एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन मिला।
यूडीएफ… pic.twitter.com/DQdtULdn58
— One India News (@oneindianewscom) December 26, 2025
वीवी राजेश के मेयर चुने जाने के साथ ही तिरुवनंतपुरम नगर निगम में बीजेपी ने पहली बार सत्ता संभाली है। इसके साथ ही शहर में 45 वर्षों से चले आ रहे लेफ्ट पार्टियों के शासन का अंत हो गया है। इसे राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
राजेश का राजनीतिक अनुभव भी लंबा रहा है। वह दो बार पार्षद रह चुके हैं, केरल भाजपा के सचिव, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष और तिरुवनंतपुरम जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। लेफ्ट शासित नगर निगम के दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर अपनी अलग पहचान बनाई थी।
नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने 50 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया, जिससे लेफ्ट का मजबूत गढ़ ढह गया। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने अपनी स्थिति सुधारते हुए 19 सीटें हासिल कीं, जबकि सत्तारूढ़ एलडीएफ को केवल 29 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
बीजेपी इस जीत को सिर्फ नगर निगम तक सीमित नहीं मान रही है, बल्कि इसे आगामी केरल विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी अहम संकेत मान रही है। तिरुवनंतपुरम में मेयर पद पर कब्जा पार्टी के लिए राज्य में अपनी राजनीतिक जड़ों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel