जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025 को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। जम्मू के परगवाल सेक्टर में BSF जवानों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में घुस रहे एक आतंकी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आतंकी की पहचान अब्दुल खालिक के रूप में हुई है, जिसके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
BSF के जवानों ने सीमा पर पूरी सतर्कता दिखाते हुए इस घुसपैठ को समय रहते रोक लिया। गिरफ्तार आतंकी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के दरहाल इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार, अब्दुल खालिक वर्ष 2021 में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) चला गया था और अब किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने के इरादे से भारत में वापस घुसने की कोशिश कर रहा था।

तलाशी के दौरान आतंकी के पास से एक MP-5 राइफल, एक मैगजीन के साथ 10 जिंदा कारतूस और एक खाली ड्रम मैगजीन बरामद हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उससे उसके नेटवर्क और संभावित साजिशों को लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं।
BSF को यह कामयाबी खुफिया एजेंसियों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दो दिन पहले ही सुरक्षा बलों को जैश-ए-मोहम्मद की संदिग्ध गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इनपुट में बताया गया था कि आतंकी संगठन सीमा पार से आतंकियों के एक बड़े समूह को भारत भेजने की तैयारी कर रहा है। इसी अलर्ट के बाद सीमा पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई थी, जिससे इस घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करना संभव हो सका।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel