राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रांत प्रचारकों की वार्षिक बैठक 4 से 6 जुलाई तक नई दिल्ली स्थित केशव कुंज में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के 233 प्रमुख कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी शताब्दी वर्ष की योजना और अब तक के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा है। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि इस बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह और संघ प्रेरित 32 संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी भाग लेंगे। इस दौरान हाल ही में संपन्न हुए 100 प्रशिक्षण वर्गों, जिनमें 40 वर्ष से कम उम्र के लिए 75 और 40-60 आयु वर्ग के लिए 25 वर्ग शामिल थे, की समीक्षा की जाएगी।
04 जुलाई से दिल्ली में होगी तीन दिवसीय प्रांत प्रचारक बैठकhttps://t.co/M7YAjO2Til
— RSS (@RSSorg) July 3, 2025
बैठक में 2 अक्टूबर से शुरू हो रहे संघ के शताब्दी वर्ष की रूपरेखा पर गहन चर्चा होगी। नागपुर से विजयादशमी के दिन इसका औपचारिक शुभारंभ होगा। इस अवसर पर देशभर में हर शाखा में विजयादशमी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, साथ ही 21 दिन का गृह संपर्क अभियान चलेगा जिसमें स्वयंसेवक घर-घर जाकर संघ के उद्देश्यों की जानकारी देंगे और साहित्य सामग्री वितरित करेंगे।
इसके अलावा, जिला स्तर पर सामाजिक सद्भाव बैठकों और प्रमुख नागरिक गोष्ठियों के आयोजन की भी योजना है, जिनमें समाज के विभिन्न समुदायों के प्रमुख लोग भाग लेंगे ताकि सामाजिक कुरीतियों को दूर कर समरसता को बढ़ावा दिया जा सके। युवाओं के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, सरसंघचालक के साथ दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में विशेष संवाद कार्यक्रम होंगे।
प्रेस वार्ता में आंबेकर ने जातीय जनगणना, भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति और संघ पर प्रतिबंध की मांग जैसे विषयों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जातीय आंकड़े योजनाओं के लिए आवश्यक हैं, लेकिन संघ का फोकस सामाजिक समरसता पर है। भाजपा आंतरिक मामलों पर संघ चर्चा नहीं करता और संघ पर प्रतिबंध जैसी मांगों के बावजूद देशभर में लोगों का व्यापक समर्थन संघ को मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मार्च 2025 से अब तक 28,000 से अधिक लोग संघ से जुड़ने की इच्छा जता चुके हैं। यह बैठक संगठन की आगामी रणनीति और शताब्दी वर्ष की भव्य तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel