दिल्ली की मंडोली जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर एक बार फिर सुर्खियों में है। वैलेंटाइन डे के मौके पर उसने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को भावुक प्रेम-पत्र लिखते हुए एयरबस H-सीरीज हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का दावा किया है। यह पत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा तेज हो गई है।
भावुक संबोधन और प्रेम का इज़हार
अपने पत्र में सुकेश ने जैकलीन को ‘माई बेबी बोम्मा’, ‘एंजेल’, ‘जैकी’ और ‘वावा’ जैसे संबोधनों से पुकारा। उसने लिखा कि जेल की दीवारें भले ही उन्हें अलग कर रही हों, लेकिन उसका दिल हर धड़कन में सिर्फ जैकलीन का नाम लेता है।
महान प्रेम कहानियों से तुलना
पत्र में सुकेश ने उनकी कथित प्रेम कहानी की तुलना रोमियो-जूलियट, हीर-रांझा और लैला-मजनू जैसी ऐतिहासिक प्रेम कथाओं से की। उसने अपने खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों और उससे जुड़े विवादों के लिए माफी मांगते हुए दावा किया कि जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा।

हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का दावा
सुकेश ने कहा कि वह जैकलीन को कस्टम इंटीरियर वाला एयरबस हेलीकॉप्टर गिफ्ट कर रहा है, जिसमें ‘JF’ इनीशियल्स और उनके कथित लग्ज़री स्टाइल से मेल खाती पेंट जॉब होगी। हालांकि उसने यह भी माना कि कानूनी मामलों के चलते अभिनेत्री इसे तुरंत इस्तेमाल नहीं कर पाएंगी।
पहले भी लिख चुका है ऐसे पत्र
यह पहली बार नहीं है जब सुकेश ने इस तरह का दावा किया हो। इससे पहले भी वैलेंटाइन डे, क्रिसमस, नवरात्रि और जैकलीन के जन्मदिन पर वह प्राइवेट जेट, पेंटहाउस, लग्ज़री कार और वाइनयार्ड जैसे महंगे गिफ्ट देने की बात कह चुका है। पिछले साल वैलेंटाइन डे पर उसने कस्टमाइज्ड गल्फस्ट्रीम प्राइवेट जेट देने का दावा किया था।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी
गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और ठगी मामले में आरोपी है, जिसमें कई फिल्मी हस्तियों के नाम सामने आए थे। वहीं जैकलीन फर्नांडिस कई बार स्पष्ट कर चुकी हैं कि उनका सुकेश के साथ कोई रोमांटिक संबंध नहीं था और महंगे गिफ्ट्स की सोर्सिंग के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel