राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार अलसुबह भारी बवाल हो गया। जिले के चौमू कस्बे में एक मस्जिद के बाहर पड़े पत्थरों को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और प्रशासन ने 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।
दरअसल, जयपुर के चौमू में बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद के बाहर सड़क किनारे वर्षों से पत्थरों का ढेर लगा हुआ था। इससे ट्रैफिक को लगातार परेशानी हो रही थी और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। ट्रैफिक सुधार के उद्देश्य से चौमूं थाना पुलिस और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच हाल ही में एक बैठक हुई थी, जिसमें पत्थर हटाने पर आपसी सहमति बनी थी।
गुरुवार शाम समुदाय के नेताओं की मौजूदगी में मस्जिद के बाहर से पत्थर हटाने का काम पूरा कर लिया गया। हालांकि, आधी रात के करीब जब पत्थरों से खाली हुई जगह पर रेलिंग लगाने का काम शुरू हुआ, तो हालात तनावपूर्ण हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
मस्जिद के बाहर पत्थर हटाने का मामला,समुदाय विशेष के लोगों ने पुलिस पर किया पथराव,पथराव में आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को आई चोट,पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले,मौके पर भारी पुलिस जाब्ता किया तैनात,आज तड़के 3 बजे अचानक हुआ विवाद #चौमूं #chomu #chomupolice #police pic.twitter.com/cVRTbNoTo4
— Himanshu Pandit (@Aapnohimanshu) December 26, 2025
पुलिस के पहुंचते ही कुछ अराजकतत्वों ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसमें 6 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। देखते ही देखते मामूली विरोध ने उग्र रूप ले लिया। बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बहाल रखी जा सके।
घटना के बाद जयपुर संभाग की पुलिस कमिश्नर पूनम ने चौमू में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने के आदेश जारी किए। लोक सुरक्षा और आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश के मुताबिक, 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel