पाकिस्तान में गहराया तेल संकट, सरकार WFH और सख्त पाबंदियों की तैयारी में
होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के बाद पाकिस्तान में गंभीर तेल संकट पैदा हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक देश के पास सीमित मात्रा में ईंधन बचा है, जिससे सरकार अब पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान सरकार फिर से वर्क फ्रॉम होम (WFH) लागू करने पर विचार कर रही है ताकि ईंधन की खपत कम की जा सके। इसके अलावा ऑफिसों में केवल जरूरी कर्मचारियों को बुलाने और स्कूल-कॉलेजों में ऑनलाइन क्लासेस शुरू करने का प्रस्ताव भी सामने आया है।
खत्म होने के कगार पर तेल भंडार
पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब के मुताबिक देश के पास ईंधन का भंडार तेजी से खत्म हो रहा है। उनके अनुसार पाकिस्तान के पास केवल 28 दिनों का डीजल, 10 दिनों का कच्चा तेल और करीब 15 दिनों की LPG बची है।
होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते ईरान द्वारा ट्रैफिक रोकने के कारण पाकिस्तान को होने वाली तेल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। ईरान का कहना है कि युद्ध की स्थिति में उसे इस समुद्री मार्ग को नियंत्रित करने का अधिकार है।
ईंधन बचाने के लिए सरकार के संभावित कदम
तेल संकट से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार कई उपायों पर विचार कर रही है। इनमें वर्क फ्रॉम होम लागू करना, कर्मचारियों को राइड शेयरिंग के जरिए एक साथ ऑफिस आने के लिए प्रोत्साहित करना और सरकारी दफ्तरों में सीमित स्टाफ रखने जैसे कदम शामिल हैं।
चीन को मिली होर्मुज से गुजरने की अनुमति
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने इस तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद चीनी जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी है। माना जा रहा है कि चीन द्वारा ईरान के समर्थन के बदले उसे यह छूट दी गई है।
दूसरी ओर पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने चेतावनी दी है कि सऊदी अरब के साथ रक्षा समझौते के कारण पाकिस्तान भी इस संघर्ष में खिंच सकता है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
बढ़ेगा आम लोगों पर महंगाई का बोझ
पाकिस्तान सरकार अब हर हफ्ते पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा करने जा रही है। तेल कंपनियों को आयात और बीमा पर बढ़े खर्च की भरपाई के लिए कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है।
गौरतलब है कि दुनिया के करीब 20 प्रतिशत कच्चे तेल की सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते होती है। ऐसे में इस मार्ग के बंद होने से न केवल पाकिस्तान बल्कि वैश्विक स्तर पर भी ईंधन की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel