उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में उस समय हड़कंप मच गया जब थाना कविनगर क्षेत्र के गोविंदपुरम स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में तेंदुए को देखे जाने की खबर सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर स्कूल को तुरंत खाली करा लिया गया और छात्रों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
CCTV में कैद हुआ तेंदुआ
स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि स्कूल के पीछे बने प्लेइंग ग्राउंड में लगे सीसीटीवी कैमरों से हुई है। फुटेज में तेंदुआ मैदान में घूमता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्कूल के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और प्रशासन ने सुरक्षा के लिए इलाके को घेर लिया।
मेरठ से बुलाई गई एक्सपर्ट टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके लिए मेरठ से भी विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है।
वन विभाग की टीम जाल और अन्य उपकरणों की मदद से तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel