उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार (9 अप्रैल 2026) को दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। माफिया डॉन अतीक अहमद के ड्राइवर मोहम्मद इरफान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बिसिल्ला चौराहे के पास हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक यह घटना केली इलाके के बिसिल्ला चौराहे के पास हुई, जहाँ दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश अचानक पहुँचे। बदमाशों ने मोहम्मद इरफान पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद की एंगल से जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जता रही है। हालांकि, सभी संभावित एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें गठित
हत्या की इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी सामने आ चुका है ड्राइवर का मामला
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले अतीक अहमद के एक अन्य ड्राइवर आफाक अहमद की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।
आफाक अहमद ने कथित तौर पर चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी, जिससे उस समय भी कई सवाल खड़े हुए थे।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में डर और दहशत फैल गई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel