संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के दौरान लगातार तीन तकनीकी गड़बड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा छेड़ दी है। ट्रंप ने इन घटनाओं को साधारण तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि “Triple Sabotage” यानी “तीन गुना साजिश” करार दिया और जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की माँग की है।
न्यूयॉर्क सिटी में 23 सितंबर 2025 को आयोजित 80वें UNGA सत्र के दौरान ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ मंच की ओर बढ़ रहे थे। उसी समय एस्केलेटर अचानक रुक गया। ट्रंप ने कहा कि अगर उन्होंने हैंडरेल को मजबूती से नहीं पकड़ा होता तो वे गिर सकते थे। उनके मुताबिक यह एक जानबूझकर की गई साजिश थी।
दूसरी घटना तब हुई जब ट्रंप ने अपना भाषण शुरू करने की कोशिश की। उस समय उनका टेलीप्रॉम्प्टर बिल्कुल काम नहीं कर रहा था। इस कारण उन्हें बिना स्क्रिप्ट के बोलना पड़ा। ट्रंप ने इसे “सिनिस्टर एक्ट” यानी “दुष्ट कृत्य” करार दिया।
तीसरी गड़बड़ी और भी गंभीर थी। भाषण के बीच अचानक ऑडिटोरियम का पूरा साउंड सिस्टम बंद हो गया। ट्रंप ने दावा किया कि उस वक्त वहां मौजूद विश्व नेता उनकी बात नहीं सुन पाए और मेलानिया तक को कुछ सुनाई नहीं दिया।
इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव को पत्र लिखकर तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने सुरक्षा फुटेज और एस्केलेटर के इमरजेंसी स्टॉप बटन की रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस को भी इस जांच में शामिल कर लिया गया है। ट्रंप का कहना है कि यह घटनाएं किसी तकनीकी गलती का नतीजा नहीं थीं, बल्कि एक “सुनियोजित साजिश” थीं, और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel