मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच Iran ने अपनी कथित अंडरग्राउंड ‘मिसाइल सिटी’ का वीडियो जारी किया है। ईरानी सेना द्वारा जारी फुटेज में लंबी सुरंगों में रखे नौसैनिक ड्रोन, एंटी-शिप मिसाइलें और समुद्री खदानें दिखाई दे रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इन सुरंगों को ईरान की रणनीतिक सैन्य तैयारियों का हिस्सा बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ हथियारों को लॉन्च करते हुए भी दिखाया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह फुटेज कब रिकॉर्ड किया गया था।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ सकता है खतरा
ईरान की सेना का कहना है कि उसने आत्मघाती ड्रोन नौकाओं का बड़ा जखीरा तैयार किया है, जिन्हें अब Strait of Hormuz से तैनात किया जा रहा है। यह वही समुद्री मार्ग है, जिससे दुनिया की बड़ी मात्रा में तेल आपूर्ति गुजरती है।
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर युद्ध बढ़ता है तो वह तेल सप्लाई रोक सकता है, जिससे वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं।
ईरान ने अपनी गुप्त अंडरग्राउंड टनल्स की वीडियो फुटेज जारी की, जिसमें नौसैनिक ड्रोन, एंटी-शिप मिसाइलें और सी माइंस भरे हुए दिखाए गए हैं।
इसे 'मिसाइल सिटी' के नाम से जाना जाता है, जहां तेहरान ने समुद्री युद्ध क्षमता का शक्तिशाली प्रदर्शन किया।
रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारियों के… pic.twitter.com/LQXqFrFkoO
— One India News (@oneindianewscom) March 14, 2026
ड्रोन बोट से टैंकरों पर हमले
रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान के नौसैनिक ड्रोन, जिन्हें मानवरहित सतही वाहन (USV) भी कहा जाता है, पानी की सतह पर या उसके ठीक नीचे चलते हैं और टकराते ही विस्फोट कर देते हैं।
ऐसे ही एक हमले में मार्शल द्वीप समूह में पंजीकृत तेल टैंकर MKD VYOM पर ओमान तट से लगभग 44 समुद्री मील दूर हमला हुआ। इस हमले में इंजन रूम में विस्फोट हुआ और चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई।
इसी तरह कुछ दिनों बाद बहामास के ध्वज वाले टैंकर Sonangol Namibe पर भी हमला किया गया, जो इराक के Khor Al Zubair Port के पास था।
टैंकर से टकराकर हुआ बड़ा विस्फोट
ईरान द्वारा जारी एक वीडियो में एक स्पीडबोट के आकार का ड्रोन तेजी से तेल टैंकर की ओर बढ़ता दिखाई देता है। टकराते ही जोरदार विस्फोट होता है और हवा में घना धुआं फैल जाता है।
समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक United States, Israel और Iran के बीच मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद खाड़ी क्षेत्र में कम से कम दो टैंकरों पर ऐसे ड्रोन हमले हो चुके हैं।
तेल की कीमतें 200 डॉलर तक पहुंचने की चेतावनी
ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि Strait of Hormuz से तेल आपूर्ति बाधित होती है, तो वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं।
यह जलडमरूमध्य दुनिया की कुल तेल आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत वहन करता है, इसलिए यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel