मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी मामले की जांच में अगर गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। उन्होंने जोर दिया कि हर प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता अक्षम्य होगी।
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन, 150 लोगों से मिले CM योगी
शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
गलत रिपोर्ट लगाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में कुछ मामलों में शिकायत मिली कि जांच में गलत रिपोर्ट लगाई गई है। इस पर CM योगी ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों की मदद में किसी तरह की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जमीन कब्जा और लंबित मामलों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अगर किसी प्रकरण को जानबूझकर लंबित रखा गया है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। CM योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बच्चों पर बरसाया स्नेह, परंपरागत दिनचर्या निभाई
कार्यक्रम में आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया, ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि दी और मंदिर की गोशाला में जाकर गौसेवा करते हुए गायों को गुड़ खिलाया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel