पाकिस्तान के कराची से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ऐतिहासिक इमारत में भगवान कृष्ण और गोपियों की मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। इस घटना का दावा हिंदू सामाजिक कार्यकर्ता शिव कच्छी ने शुक्रवार (3 अप्रैल 2026) को किया।
जानकारी के अनुसार, यह हमला करीब दो दिन पहले हुआ था। जिस इमारत को निशाना बनाया गया, उसका नाम ‘सगन मेसन’ भवन है, जिसे साल 1937 में बनाया गया था। यह भवन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां हिंदू धर्म की कई बहुमूल्य मूर्तियाँ और प्रतीक सुरक्षित रखे गए थे।
हमलावरों ने न सिर्फ भगवान कृष्ण और गोपियों की मूर्तियों को तोड़ा, बल्कि इस ऐतिहासिक धरोहर को भी भारी नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद स्थानीय हिंदू समुदाय में गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पाकिस्तान दरवार इत्तेहाद के अध्यक्ष शिव कच्छी ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक इमारत पर हमला नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाओं पर सीधा प्रहार है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही, उन्होंने इस ऐतिहासिक इमारत की मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की।
लगातार हो रहे हैं हमले
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों और उनके धार्मिक स्थलों पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। यह कोई पहली घटना नहीं है। भारत भी इस मुद्दे को कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों, विशेषकर संयुक्त राष्ट्र में उठा चुका है और पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel